राम बरात-नवरात्रि पर्व को लेकर नगर निगम ने कसी कमर, चौकस रहेंगी साफ-सफाई पेयजल की त्योहारों पर व्यवस्थाएं
मथुरा। आगामी समय में पढ़ने वाले त्योहारों को लेकर नगर निगम ने आम नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त अनुनय झा ने इस संबंध में आयोजित एक बैठक में निर्देश दिए कि सभी मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई, मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल सप्लाई चुस्त दुरुस्त रखी जाए। इसके अलावा नगर आयुक्त ने राम बरात और अग्रसेन जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत की जाने वाली व्यवस्थाओं की उन्होंने समीक्षा करते हुए कहा कि देवी मंदिरों और दुर्गा पूजा पांडाल व रामलीला स्थलों पर विशेष सफाई करायी जाए तथा जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन भ्रमण करें।
नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा शारदीय नवरात्री, राम बारात, अग्रसैन जयन्ती, बारावफात, दिपावली आदि त्यौहारों पर नगर निगम की ओर से की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं के दृष्टिगत नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में सभी देवी मंदिरों के आस-पास विशेष सफाई, चूना छिडकाव, पैच मरम्मत, पेयजलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त कालोनियों में देवी प्रतिमा वाले स्थलों के आस-पास सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने को कहा गया। बारावफात पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में एवं कब्रिस्तान के पास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखे जाने के साथ महर्षि वाल्मिकी जयन्ती पर सभी मलिन वस्तियों में सफाई एवं शोभायात्रा के दृष्टिगत सफाई एवं मरम्मत कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये। जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह त्यौहारों पर सुनिश्चित करें कि किसी भी दशा में सीवर ओवर फ्लो एवं लीकेज की समस्या न होने पाये।
नगर आयुक्त श्री झा ने नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं अवर अभियंता तथा सफाई निरीक्षकों को आदेशित किया है कि त्यौहारों पर दिये गये निर्देशानुसार त्वरित रूप से कार्यवाही कराये कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये यदि कोई लापरवाही प्रकाश में आती है तो कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, लेखाधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, कर निर्धारण अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त सफाई निरीक्षक, समस्त अवर अभियंता एवं जल निगम मथुरा के सहायक अभियंता आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।