₹2,000 से ऊपर UPI लेन-देन पर टैक्स के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
भाजपा सांसद के माध्यम से पीएम को भेजा ‘जन्मदिन गिफ्ट’
मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मथुरा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा 2,000 रुपये से अधिक के यू.पी.आई लेन-देन पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने के विरोध में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतीकात्मक रूप से जन्मदिन का गिफ्ट भेजा गया।
जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि 2,000 रुपये से अधिक के यू.पी.आई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का निर्णय युवाओं, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर सीधा आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय इस तरह के फैसले से जनता में भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे गए प्रतीकात्मक गिफ्ट में शुद्ध देसी घी, हवन सामग्री, कपूर, धूप-बत्ती और अगरबत्ती जैसी पूजा सामग्री शामिल रही। नेताओं ने बताया कि इस गिफ्ट की कीमत 2,000 रुपये से अधिक रखी गई है, ताकि यू.पी.आई पर लगाए जा रहे अतिरिक्त टैक्स के विरोध को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया जा सके।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से प्रस्तावित टैक्स को तुरंत वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष उमेश शर्मा, जिला महामंत्री मनोज गौड़, बलवीर प्रधान, हरवीर सिंह, दुर्गेश बघेल, ललिता देवी, रूपा लवानिया, गीता दिवाकर, रमेश कश्यप, रवि वाल्मीकि, दीपक सिंह, हाशिम, हुमेर, बलवीर सिंह, शैलेंद्र चौधरी, महेश चौबे, धीरू चौधरी, पूरन सिंह, मंजू देवी, राजेश कुमार, दिलशाद खान, रूपवती, गुड्डी देवी, रीता देवी, अमरावती और नम्रता सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।