निगम के ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

मथुरा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार प्रातः 8 बजे वार्ड संख्या 39 में श्री कृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर-3 के समीप यादव चौराहा पर ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान का शुभारंभ श्रमदान के साथ किया गया।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता सिंह, पार्षद नीरज वशिष्ठ, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया और पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त, पार्षद एवं नगर निगम की आईईसी टीम ने क्षेत्र के दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने नियमित सफाई रखने तथा गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने और आसपास गंदगी न फैलाने की अपील की गई।
इसके अलावा बस पार्किंग के पास स्थित लक्षित स्वच्छता इकाई की विशेष सफाई कराई गई और पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर मथुरा-वृंदावन का सपना साकार हो सकेगा।