‘संभव’ जनसुनवाई में उठीं समस्याएं: नगर आयुक्त ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मथुरा। नगर विकास विभाग की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किए जा रहे “संभव—संतुष्टि एवं समृद्धि” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर निगम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नगर निगम मथुरा के भूतेश्वर स्थित कार्यालय में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने सुबह 10 बजे से जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं वहीं वृंदावन जोनल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक ने जन शिकायतों का संज्ञान लिया।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए और तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
भूतेश्वर जोन में कुल 9 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 4 अतिक्रमण, 1 सफाई, 1 स्ट्रीट लाइट, 1 हैंडपंप मरम्मत एवं 1 स्थानांतरण से संबंधित थीं। इनमें से सफाई से जुड़ी एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं वृंदावन जोन में कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 3 जलकल विभाग और 2 सफाई व्यवस्था से संबंधित रहीं।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान, अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता (जल) राम कैलाश तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।