बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र: दुकानों और फ्लैटों के आवंटन में लागू होगा ‘पहले आओ-पहले पाओ’ का सिद्धांत
मथुरा। श्री बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र वृंदावन में जनसुविधाओं के व्यापक विकास के लिए बड़ा निर्णय लिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर मथुरा एवं हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मा० उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित हाई पावर्ड कमेटी की 14वीं बैठक में दुकानों व फ्लैटों के आवंटन के लिए “पहले आओ–पहले पाओ” का सिद्धांत लागू करने का फैसला लिया गया है।
कमेटी के अध्यक्ष इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तय किया गया कि जो भी व्यक्ति अपनी दुकान या भवन का बैनामा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के नाम पहले करेगा उसे वरीयता के क्रम में दुकान या फ्लैट का आवंटन किया जाएगा।
मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भूमि क्रय की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस योजना के तहत क्षेत्र में आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित दर्शन मिल सकेंगे और भीड़ का दबाव कम होगा। प्रशासन के अनुसार प्रभावित लोगों को पर्याप्त मुआवजा दिया जा रहा है। दुकानदारों को दुकान के बदले दुकान तथा निवासियों को मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मणी विहार में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
योजना के अंतर्गत मंदिर क्षेत्र में चौड़े प्रवेश-निकास मार्ग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा और बेहतर भीड़ प्रबंधन जैसे कार्य किए जाएंगे। इससे न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस हफ्ते बिहारी जी मंदिर के पक्ष में कई रजिस्ट्री हो जाएँगी।