जनपद भर में लगे मेगा टीकाकरण वैक्सीनेशन कैम्प , डीएम ने किया औचक निरीक्षण

मथुरा। जनपद में कोरोना संक्रमण सें बचने के लिये रविवार को जिले में मेगा टीकाकरण कैंपो का शहरी और ग्रामीण क्षेंत्रों में किया गया। कोविड टीका करण को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने वैक्सीनेशन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे जनपद में वैक्सीनेशन का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने वैक्सीनेशन सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें गोवर्धन तहसील के ग्राम अडीग, सोंख, पेंठा एवं परासौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने कहा कि अपने-अपने गांव में अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराएं एवं सेकंड डोज को अधिक से अधिक लगवाएं। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम से कहा कि आप घर-घर में जाकर वैक्सीनेशन करें। जिससे कि कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों से अपील करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन अवश्य करा लें जिससे आने वाले संक्रमण से बचने में आसानी होगी तथा वैक्सीनेशन की प्रथम एवं द्वितीय डोज अवश्य लगवा ले।
उन्होंने कहा कि अपने आसपास के व्यक्तियों को एवं 15 से 18 वर्ष वाले बच्चों को भी जागरूक कर वैक्सीनेशन कराने हेतु प्रेरित करें। वैक्सीनेशन केंद्र पर द्वितीय डोज लगवाने आयी महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि आप अपने आसपास रहने वाले लोगों को वैक्सीनेशन लगवाने को लेकर जागरूक करें। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराया जाए एवं लोगों को जागरूक किया जाए। जिस गांव में वैक्सीनेशन का कार्य कम है उस ग्राम पंचायत में वैक्सीनेशन कार्य में गति लाई जाए। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत वैक्सीनेशन का कार्य जनपद में शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन का कार्य शत-प्रतिशत एवं युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। 15 से 18 वर्ष वाले बच्चों को वैक्सीन लगायी जा रही है। सभी ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।