मथुरा में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त, अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

मथुरा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने सोमवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले मंडलायुक्त ने वृंदावन स्थित गौरा नगर आर्टिजन सेंटर का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि यहां राधा-कृष्ण पोशाक से संबंधित करीब 78 दुकानों, 4 कम्युनिटी हॉल और 2 ट्रेनिंग हॉल का निर्माण पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा अस्थायी रूप से लटके विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद की उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के साथ दारुक पार्किंग के सामने बने ‘सेंटर फॉर लिविंग ट्रेडिशन’ का भी निरीक्षण किया। यहां राधा-कृष्ण पोशाक, कंठी माला व अन्य पूजन सामग्री के उत्पादन एवं विक्रय के साथ-साथ ब्रज की संस्कृति और लोक कलाओं के प्रदर्शन व प्रचार-प्रसार की व्यवस्था विकसित की जा रही है। परियोजना में आउटलेट ब्लॉक, सेल सेंटर, फूड कोर्ट, किड्स प्ले एरिया और एक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ऑडिटोरियम में फॉल सीलिंग, स्टेज लाइट, साउंड सिस्टम एवं पंखों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश, प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।