स्वामी गीतानंद महाराज के सेवा कार्य आज भी समाज को दे रहे प्रेरणा
22वीं पुण्यतिथि पर गीता आश्रम में पुष्पांजलि समारोह आयोजित, संतों और विद्वानों ने व्यक्त किए विचार
वृंदावन । गांधी मार्ग स्थित गीता आश्रम में स्वामी गीतानंद महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संतों और विद्वानों ने स्वामी गीतानंद महाराज के सेवाभावी कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी गीतानंद महाराज ने अपने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने के साथ देश की राजनीति को भी प्रभावित किया था। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए महामंडलेश्वर डॉ. अवशेषानंद महाराज आज भी उनके सपनों को साकार करने में जुटे हैं। संतों ने कहा कि 22 वर्ष बीत जाने के बाद भी स्वामी गीतानंद महाराज के विचार और उनके सेवा कार्य समाज को निरंतर प्रेरणा दे रहे हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति एस.एस. कुलश्रेष्ठ ने भावुक होते हुए स्वामी गीतानंद महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि महाराज के सेवाभावी कार्यों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
इस अवसर पर संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज, स्वामी रामदेवानंद महाराज, स्वामी नवल गिरी महाराज, स्वामी सुरेशानंद परमहंस, स्वामी रमेशानंद महाराज, स्वामी आदित्यानंद महाराज, स्वामी अद्वैत मुनि महाराज, डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, डॉ. अनुराग कृष्ण पाठक, पार्षद राधाकृष्ण पाठक, गंगा मंदिर पानीपत से आए निरंजन पाराशर, अनूप शर्मा तथा निर्मल सहित अनेक संतों और विद्वानों ने विचार व्यक्त किए।
गीता आश्रम की ओर से महामंडलेश्वर डॉ. अवशेषानंद महाराज ने सभी अतिथि संतों और विद्वानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामी गीतानंद महाराज के सेवा कार्य निरंतर जारी हैं और भविष्य में भी इन्हें पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाता रहेगा। समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे महाराज के शिष्यों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राजेंद्र द्विवेदी एवं पंडित निर्मल द्विवेदी ने किया।