उद्घाटन के बाद ही महिला सुरक्षा केंद्र पर लटक गया ताला !

बड़े अधिकारियों ने किया था जोर-शोर से शुभारंभ, अब महीनों से बंद पड़ा है राधिका विहार का पिंक बूथ

मथुरा। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए बड़े जोर-शोर से शुरू किए गए पिंक बूथ की हकीकत अब सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर रही है। सौंख रोड स्थित राधिका विहार में बनाए गए महिला सुरक्षा एवं सहायता केंद्र पर उद्घाटन के कुछ समय बाद से ही ताला लटका हुआ है। जिस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराना था वह खुद उपेक्षा का शिकार नजर आ रहा है।

गौरतलब है कि 20 नवंबर 2025 को इस पिंक बूथ का महानगर के बड़े अधिकारियों द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे और इसे महिलाओं की सहायता के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया गया था। लेकिन मौजूदा तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। पिंक बूथ के बाहर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली और बंद पड़े केंद्र को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी उपयोगिता पर कितना ध्यान दिया जा रहा है।

सवाल यह है कि जब लाखों रुपये खर्च कर ऐसे केंद्र बनाए जाते हैं और उनका उद्घाटन भी बड़े समारोह के साथ किया जाता है तो फिर उनकी नियमित संचालन व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं की जाती? आखिर उद्घाटन के बाद इस केंद्र को चालू रखने की जिम्मेदारी किसकी है? महिला सुरक्षा के नाम पर शुरू की गई यह पहल यदि बंद दरवाजों के पीछे ही कैद रहनी है तो इसका महिलाओं को क्या लाभ मिलेगा? अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान देकर पिंक बूथ को नियमित रूप से संचालित कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।