बरेली हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े टैंकर से भिड़ा पेट्रोलियम टैंकर, चालक की मौत, क्लीनर गंभीर

राया थाना क्षेत्र के गांव हुलु के समीप सोमवार दोपहर हुआ दर्दनाक हादसा

तेज धमाके की आवाज सुनकर दहले ग्रामीण, क्रेन की मदद से केबिन काटकर निकाले गए शव और घायल

राया (मथुरा)। थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत बरेली हाईवे मार्ग पर गांव हुलु के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब खड़े एक टैंकर में पीछे से आ रहे पेट्रोलियम पदार्थ से भरे अनियंत्रित टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले टैंकर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार टैंकर संख्या यूपी-85 एटी-3637 तकनीकी खराबी आने के कारण हाईवे किनारे खड़ा हुआ था। इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रहा पेट्रोलियम पदार्थ से भरा दूसरा टैंकर अनियंत्रित होकर सीधे खड़े टैंकर में जा घुसा।
हादसे के वक्त हुई तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घबरा गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। टैंकरों की भिड़ंत के बाद चालक और क्लीनर बुरी तरह केबिन में फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन को अलग कर चालक के शव को बाहर निकाला। वहीं, गंभीर रूप से घायल क्लीनर को भी बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक चालक और घायल क्लीनर की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।