मथुरा में बिजली विभाग का बड़ा अभियान, 11 चोरी पकड़ीं, 45 कनेक्शन काटे, 7.78 लाख की वसूली

मथुरा। विद्युत विभाग ने उच्च लाइन लॉस वाले राल फीडर क्षेत्र के ग्राम खुशीरपुर, छटीकरा में सघन राजस्व वसूली एवं विद्युत चोरी निरोधक अभियान चलाया। मुख्य अभियंता के निर्देशन में चले इस अभियान का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता नगरीय मुदित तिवारी, अधिशासी अभियंता कॉम-2 आशीष गुप्ता और उपखंड अधिकारी शुभम अग्रवाल ने किया।
अभियान के दौरान कुल 305 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई, जिनमें 241 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल जमा कराए, जिससे विभाग को 7.78 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं 7 उपभोक्ताओं की टैरिफ श्रेणी में परिवर्तन किया गया। बकाया वसूली के तहत 45 कनेक्शन काटे गए जिन पर 13.66 लाख रुपये की बकाया राशि पाई गई। जांच के दौरान 11 मामलों में सीधे विद्युत चोरी पकड़ी गई, जबकि 3 मामलों में पहले से कटे कनेक्शनों को अवैध रूप से जोड़कर बिजली उपयोग करते हुए पाया गया।
विद्युत चोरी के मामलों में 8 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धाराओं 138(बी) और 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने और वैध कनेक्शन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियानों से लाइन लॉस कम करने और राजस्व बढ़ाने में मदद मिल रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।