मथुरा में जलभराव पर कड़ा एक्शन: नगर आयुक्त खुद उतरे सड़कों पर

लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी, जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों का किया औचक निरीक्षण

​​मथुरा। मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की नारकीय स्थिति से निजात दिलाने के लिए नगर निगम पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद कमान संभाली और अधिकारियों की फौज के साथ शहर के विभिन्न जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों और नालों की जमीनी हकीकत देखी और काम में ढिलाई बरतने वालों को सख्त चेतावनी दी।

​निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की कछुआ गति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी धन और जनता के समय की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नए बस स्टैंड के पास चल रहे निर्माण कार्य के बारे में उन्होंने बताया कि काम पूर्ण होने की तिथि 7 जुलाई है। एक लेन का काम पूरा हो गया है। भूतेश्वर पर 800 एम् एम् की पाइप लाइन में पानी तेजी से फ्लो कराने के लिए शनिवार रात तक बूस्टर पम्प मोटर लग जाएगी जिससे जल भराव की स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी।

जल निकासी के लिए दिए ‘स्पेशल 4’ निर्देश:
​नो वाटरलॉगिंग ज़ोन: बारिश के दौरान शहर के किसी भी कोने में पानी अधिक देर तक जमा नहीं रहना चाहिए।
​तत्काल पंपिंग: जिन निचले इलाकों में पानी भरता है, वहाँ तुरंत हाई-पावर पंपों की व्यवस्था की जाए।
​सफाई अभियान: सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट (कीचड़) सफाई और अवरोध हटाने का काम युद्ध स्तर पर हो।
​24×7 निगरानी: नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में रहकर जलभराव की स्थिति पर पैनी नजर रखेंगी।

नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा आमजन को बरसात के दिनों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम की टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। जलभराव की शिकायत मिलते ही तुरंत रिस्पॉन्स टाइम के भीतर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।