चौमुहां (मथुरा)। थाना कोतवाली छाता क्षेत्र के गांव अकबरपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने बेखौफ होकर आरोग्य मंदिर के दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और अंदर रखा फ्रिज, आरओ मशीन, कंप्यूटर प्रिंटर, टेबल व कुर्सियां समेट ले गए।
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब छह दिन की छुट्टी के बाद सीएचओ रजनीश कपूरिया आरोग्य मंदिर खोलने पहुंचे। गेट की कुंडी टूटी और दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सारा जरूरी सामान गायब था। इसकी सूचना तत्काल चौमुहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप चौधरी और ग्राम प्रधान निहाल सिंह को दी गई।
प्रधान प्रतिनिधि भरत सिसौदिया ने बताया कि चोरी की सूचना सुबह मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि पास में केडी पुलिस चौकी होने के बावजूद रात के समय नियमित पुलिस गश्त नहीं होती जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी गांव में कई चोरियां हो चुकी हैं लेकिन अब तक चोरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
मौके पर पहुंचे चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सीएचओ 9 जनवरी से छुट्टी पर थे और 16 जनवरी को ड्यूटी जॉइन करने पर चोरी की जानकारी मिली। इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना कोतवाली छाता में तहरीर दे दी गई है।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की इस घटना से न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं बल्कि पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।