आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर कुलियों की नई दरें लागू
अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
मथुरा/आगरा। आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को राहत देते हुए कुलियों (पोर्टरों) के पारिश्रमिक शुल्क में संशोधन किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और यात्रियों से मनमानी वसूली पर रोक लग सके।
नई दरें आगरा कैंट, आगरा किला, मथुरा जंक्शन, ईदगाह जंक्शन, अछनेरा और राजा की मंडी स्टेशनों पर प्रभावी होंगी। अब 40 किलोग्राम तक सामान ले जाने पर ₹80, दो पहिया ट्रॉली पर ₹130 और चार पहिया ट्रॉली पर ₹150 शुल्क निर्धारित किया गया है।
बीमार एवं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रेचर अथवा कुर्सी सेवा के लिए भी तय शुल्क लागू किया गया है। तय समय से अधिक प्रतीक्षा पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा, जिसकी स्पष्ट जानकारी स्टेशन परिसर में प्रदर्शित की जाएगी।
रेल प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली या यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले कुलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त कुलियों से ही सेवा लें और किसी भी शिकायत की स्थिति में स्टेशन मास्टर या रेलवे सहायता नंबर पर तुरंत संपर्क करें।