मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की कुशक गली में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक 25 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है और हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान कुशक गली निवासी शिवम (25) पुत्र राजेश के रूप में हुई है। घायल के पिता राजेश ने बताया कि शिवम के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर बातचीत के बाद वह यह कहकर घर से निकला था कि वह दस मिनट में लौट आएगा, लेकिन कुछ ही देर बाद कुशक गली के पास अज्ञात युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे और बेटे को लहूलुहान हालत में देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से शिवम को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय दोनों पक्ष नशे की हालत में थे। आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घायल के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।