मथुरा। महानगर की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने होलीगेट चौराहे पर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के महानगर अध्यक्ष भरत अग्रवाल ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त शशांक चौधरी के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन शहर कोतवाल देवपाल पंडीर को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की उदासीनता के खिलाफ नारेबाजी की और शीघ्र समाधान की मांग रखी।
इस अवसर पर यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण भास्कर, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी, प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष (शिक्षण प्रकोष्ठ) कृष्णा फौजदार, प्रमुख महासचिव (उत्तर प्रदेश) उदयभान जाटव, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनश्याम पाठक, सुनील चौधरी, बाबा रामनाथ सिंह सहित अनेक सम्मानित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।