संभव’ से समाधान: नगर आयुक्त ने खुद सुनीं जनशिकायतें, मौके पर ही निपटाईं कई समस्याएं

भूतेश्वर, सिटी और वृंदावन जोन में कुल 12 शिकायतें आईं; टैक्स, लाइट और सफाई के मामलों पर तुरंत हुआ एक्शन

​मथुरा। जन शिकायतों पर प्रभावी ढंग से कार्यवाही किए जाने के लिए उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को शुरू किए गए “संभव” (संतुष्टि एवं समृद्धि) कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में खुद नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कमान संभाली और लोगों की समस्याएं सुनीं।
​इसके साथ ही व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सिटी जोन जनरल गंज कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार और वृंदावन जोनल कार्यालय में अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक द्वारा जनसुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष अनिवार्य रूप से मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने हर एक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए।

​भूतेश्वर जोन में कुल 06 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 अतिक्रमण और 03 स्ट्रीट लाइट से संबंधित थीं। इनमें से 02 लाइट संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।
​सिटी जोन में सफाई और टैक्स से संबंधित कुल 02 शिकायतें आईं। अधिकारियों ने त्वरित एक्शन लेते हुए इन दोनों ही शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान कर दिया।
​वृंदावन जोन में कुल 04 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 02 टैक्स और 02 जलकल विभाग से जुड़ी थीं।
​नगर आयुक्त जग प्रवेश ने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय होगी।
​इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, सहायक अभियंता (जल) हेमेंद्र गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।