मथुरा में निकली कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, राम मंदिर चढ़ावे की जांच की मांग

मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली गई। यह पदयात्रा भूतेश्वर स्थित श्रीजी बाबा आश्रम हनुमान मंदिर से पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गेट पर हनुमान चालीसा पाठ के साथ संपन्न हुई।
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी खबरों से श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से कराई जाए तथा संबंधित ट्रस्ट को भंग कर नई व्यवस्था बनाई जाए।
पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।
पदयात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए पारदर्शिता की मांग की। कार्यक्रम में लता चौहान, पुनीत बघेल, अबरार कुरैशी, रूपा लवानिया, शालू अग्रवाल, नीलम कुलश्रेष्ठ, गीता दिवाकर, प्रवीण ठाकुर, विपुल पाठक, हर्ष चौरसिया, प्रेम शंकर शर्मा, आशीष अग्रवाल, संदीप चौधरी, कुंवर सिंह निषाद, रमेश कश्यप, अमित राज, विनोद दिवाकर, शैलेंद्र चौधरी, धीरू चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।