संभव’ जनसुनवाई: नगर आयुक्त ने सुनीं शिकायतें, लापरवाही पर दी चेतावनी

​मथुरा-वृंदावन जोन को मिलाकर आईं कुल 15 समस्याएं, दो का मौके पर समाधान

​मथुरा। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर शुरू हुए ‘संभव’ (संतुष्टि एवं समृद्धि) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर निगम कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। भूतेश्वर स्थित मुख्य कार्यालय में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तीनों जोनों में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
​नगर आयुक्त जग प्रवेश ने जनसुनवाई में आए सभी फरियादियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। भूतेश्वर जोन में आई 6 शिकायतों में से एक जलकल और एक निर्माण संबंधी समस्या को मौके पर ही सुलझा दिया गया। वहीं, वृंदावन जोनल कार्यालय में अपर नगर आयुक्त सी.पी. पाठक और सिटी जोन में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने जनता की समस्याओं को सुना। वृंदावन में 5 और सिटी जोन में 4 मामले सामने आए, जिनमें सबसे ज्यादा शिकायतें अतिक्रमण, सफाई और नाली निर्माण से जुड़ी थीं।
​नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जन शिकायतें सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, अनुज कौशिक, मुख्य अभियंता संजय सिंह सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।