गांव में रात बिताकर जनता का नब्ज टटोल रहे भाजपाई, असगरपुर में सजी चौपाल
सांसद तेजवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, बोले- गांव-गांव जाकर सुनें जनसमस्याएं
मथुरा। जनता से सीधे जुड़ाव और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए भाजपा ने अब गांवों का रुख कर लिया है। महानगर अध्यक्ष हरीशंकर राजू यादव के आह्वान पर सतोहा मंडल के असगरपुर गांव में भाजपा नेताओं ने न सिर्फ रात्रि चौपाल लगाई, बल्कि ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर सहभोज किया और रात भी गांव में ही गुजारी।
चौपाल में पहुंचे राज्यसभा सांसद चौधरी तेजवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हमारी राजनीति का आधार सेवा और सुशासन है। सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मकसद ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित करना है। गांव में रात्रि विश्राम की यह कड़ाई संगठन और समाज के रिश्तों को और गहरा करेगी।
इस खास चौपाल और सहभोज कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अजय सिंह राजावत, पन्ना लाल गौतम, छत्रपाल सिंह, सतीश शर्मा, नीरू सक्सेना और पार्षद लक्ष्मण सैनी समेत भारी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।