डीएम का सख्त निर्देश—हर शनिवार होगा ‘स्वच्छ कार्यालय अभियान’, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यालय को अपने घर की तरह साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखें, क्योंकि दिन का बड़ा हिस्सा कार्यालय में ही व्यतीत होता है।
डीएम द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि अक्सर देखा जाता है कि कर्मचारी कार्यालय को अपनी जिम्मेदारी नहीं मानते जबकि वे रोजाना लगभग 8 घंटे वहीं कार्य करते हैं। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक शनिवार को सभी कार्यालयों में कम से कम 1 घंटे का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है— कार्यालय कक्ष, गलियारों और परिसर की नियमित सफाई। अभिलेख, फाइलें, फर्नीचर व अलमारियों को व्यवस्थित रखना। अनुपयोगी सामग्री का समय-समय पर निस्तारण। कूड़ेदान का उपयोग और परिसर में कचरा न फैलने देना। शौचालय और पेयजल स्थलों की साफ-सफाई। हरित क्षेत्र और पौधों का उचित रख-रखाव।

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यालय न केवल कार्यकुशलता बढ़ाता है बल्कि विभाग की सकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं।
पत्र के अंत में डीएम ने उम्मीद जताई है कि सभी विभाग इस पहल में सहयोग करते हुए अपने कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में योगदान देंगे।