मथुरा। मथुरा-वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (रजि.) की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय होटल में श्री राधा-कृष्ण के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक के.डी. अग्रवाल ने की।
बैठक में मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के 50 से अधिक होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों ने भाग लिया। आगामी श्रावण मास, जन्माष्टमी एवं मुड़िया पूर्णिमा मेले को देखते हुए तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि होटल उद्योग ब्रज की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। “सभी का साथ, सभी का विकास, सभी का विश्वास” की भावना के साथ तीर्थ यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर मथुरा-वृंदावन का गौरव बढ़ाया जाएगा।
बैठक में नगर निगम से नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने, व्यापारिक जलकर व गृहकर में एकरूपता लाने तथा बढ़ाए गए टैक्स को वापस लेने की मांग उठाई गई। साथ ही लाइसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल बनाते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया गया।
संरक्षक के.डी. अग्रवाल ने से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए जल एवं वायु प्रदूषण संबंधी एनओसी की जटिल प्रक्रिया को सरल करने तथा छोटे होटल-ढाबों के लिए मानकों में शिथिलता देने की मांग की। उन्होंने अनावश्यक चालान पर रोक लगाने एवं ETP/STP के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही।
सचिव आर.बी. चौधरी ने विद्युत विभाग से होटल उद्योग को औद्योगिक दर पर बिजली उपलब्ध कराने, त्योहारों के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं बिलिंग में पारदर्शिता रखने की मांग रखी।
संयुक्त सचिव ठाकुर राजा भोज ने अग्निशमन विभाग से फायर एनओसी प्रक्रिया को समयबद्ध व पारदर्शी बनाने तथा छोटे प्रतिष्ठानों के लिए मानकों को सरल करने का सुझाव दिया।
कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने खाद्य सुरक्षा विभाग से फूड लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने, निरीक्षण के नाम पर उत्पीड़न रोकने तथा जागरूकता शिविर आयोजित कर FSSAI मानकों की जानकारी देने की मांग की।
राजन अग्रवाल ने से मथुरा-वृंदावन को विशेष पर्यटन क्षेत्र घोषित करने तथा होटल उद्योग को उद्योग का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र, पार्किंग व शौचालय की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
विजय चतुर्वेदी ने कहा कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ सभी सदस्य त्योहारों के दौरान रेट में पारदर्शिता रखेंगे तथा स्वच्छता, सुरक्षा व गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।
अंत में उपाध्यक्ष अमित जैन ने सभी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित करते हुए आभार व्यक्त किया। बैठक में दाऊ दयाल अग्रवाल, गुरमुख राय, परमिंदर कुमार, सतीश चतुर्वेदी, अजय मित्तल, ध्रुव अग्रवाल, के.पी. सिंह, सुधीर चतुर्वेदी, मनीष गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।