मथुरा में नगर आयुक्त ने जन सेवा में लापरवाही बरतने वाले नजूल लिपिक को किया निलंबित

मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम में जन हित के कार्यों में लापरवाही और आम नागरिकों से सभ्य व्यवहार न करने की कर्मचारियों की शिकायत पर नगर आयुक्त ने कड़ा कदम उठाते हुए नजूल विभाग में कार्यरत एक लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
नगर आयुक्त शशांक चौधरी का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी के स्पष्ट आदेश है कि जन सुविधाओं और आम जनता के साथ शिष्टाचार का पालन न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है इसी दिशा में उक्त कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ और कर्मचारियों की उनको शिकायत मिली है उनकी जांच कराकर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

सूत्रों के अनुसार नगर निगम मथुरा वृंदावन के नजूल विभाग में कार्यरत बृजलाल सैनी लिपिक की आये दिन कार्यालय में विलंब से आने, अपने पटल से संबंधित कार्य को तत्काल संपादित न करने, नजूल विभाग में जारी की जाने वाली अनापत्ति प्रमाण पत्र की कार्यवाही में अनावश्यक विलंब करने के साथ साथ उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं कार्यालय में आने वाले जन सामान्य से शिष्टाचार का पालन न करने कार्य शैली के सम्बन्ध में गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही थी।
इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त श्री चौधरी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1956 एवं उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक अनुशासन एवं अपील नियमावली 1999 के प्रावधानों के अंतर्गत बृजलाल सैनी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किये गए है।
बृजलाल सैनी के विरुद्ध लगे आरोपों की जांच निष्पक्षता से किए जाने हेतु जांच अवधि में पटल से हटाकर अन्यत्र कार्यालय में संबद्ध किया गया है एवं जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए जांच रिपोर्ट एक माह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। ज्ञात रहे लिपिक सैनी पहले भी कई मर्तबा निलंबित हो चुके है।