गोवर्धन में परिक्रमा लगाने आए ग्रेटर नोएडा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, कुंड में डूबकर मासूम की मौत
मथुरा। गिरिराज महाराज की परिक्रमा और दर्शन की अभिलाषा लेकर गोवर्धन आए ग्रेटर नोएडा के एक परिवार की खुशियां उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गईं, जब उनका छह वर्षीय मासूम बेटा कुंड में डूब गया। काफी तलाश के बाद बच्चे का शव ऋण मोचक कुंड में मिला। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस धार्मिक यात्रा पर परिवार हंसी-खुशी निकला था, उसका अंत कभी न भूलने वाले दर्द के रूप में हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी देवराज शर्मा अपने परिवार के साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने गोवर्धन आए थे। परिवार ने पहले बड़ी परिक्रमा पूरी की। इसके बाद छोटी परिक्रमा के दौरान थकान महसूस होने पर सभी लोग बिजलीघर के सामने स्थित पार्क में बैठकर आराम करने लगे। इसी बीच उनका छह वर्षीय बेटा रजत अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गया। कुछ देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
मासूम के लापता होने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान तलाश करते हुए ऋण मोचक कुंड में बच्चे का शव दिखाई दिया। परिजन तत्काल उसे कुंड से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अमित के अनुसार बच्चे को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। मासूम की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता बदहवास हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से गोवर्धन क्षेत्र में भी शोक का माहौल बन गया। गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए आए परिवार के साथ हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।