मथुरा। योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली पर शनिवार को ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कृष्ण जन्मस्थान परिसर में आयोजित इस अभियान में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और गौ भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर कर अपनी आस्था और प्रतिबद्धता जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
श्रद्धालुओं ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इस अवसर पर कृष्ण जन्मस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग से गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
अभियान में समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की भागीदारी रही। गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए देशव्यापी जनजागरण जरूरी है। उन्होंने सरकार से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग दोहराई।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और गौ संरक्षण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से एकत्रित हस्ताक्षरों को संबंधित अधिकारियों और सरकार तक भेजा जाएगा, ताकि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.