वृंदावन: श्री बांके बिहारी की शरण में पहुंचे ‘चाइनामैन’ गेंदबाज कुलदीप यादव, सपरिवार टेका मत्था

​वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के सुप्रसिद्ध स्पिनर कुलदीप यादव मंगलवार सांय अपनी पत्नी वंशिका, पिता और बहन के साथ धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। सपरिवार आगमन के बाद कुलदीप यादव ने होटल बृज ‘इंटरनिटी’ में विश्राम किया जिसके उपरांत उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन किए और पुण्य लाभ कमाया।

​मंदिर की कुंज गलियों और प्रांगण में कुलदीप यादव की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का तांता लगा रहा। दर्शन के दौरान बिहारी जी मंदिर की हाई पावर्ड समिति के सदस्य और वरिष्ठ सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी उनके साथ मुख्य रूप से मौजूद रहे। सेवायत गोस्वामी ने कुलदीप यादव और उनके परिवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

​भारतीय टीम के ‘चाइनामैन’ गेंदबाज ने भक्ति भाव से ओतप्रोत होकर ठाकुर जी के समक्ष माथा टेका और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। दर्शन के उपरांत मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें ठाकुर जी का प्रसादी स्वरूप अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया गया। दर्शन के उपरांत कुलदीप यादव ने कहा अपनी नव विवहिता के साथ बिहारी जी के अनमोल दर्शन कर वह धन्य हो गए।