मथुरा। पेट्रोल पंप से थार गाड़ी में 3,800 रुपये का डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने वाले तीन युवकों को थाना जैत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डीजल से भरी काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी भी बरामद की है। तीनों आरोपी थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव सहायपुर जाटान के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब 9:15 बजे मानवेन्द्र नगर कॉलोनी से जंगल की ओर जेसीआर फार्म के गेट से लगभग 150 मीटर दूर दीवार के किनारे सड़क पर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को थार गाड़ी समेत गिरफ्तार किया। आरोप है कि तीनों पेट्रोल पंप से गाड़ी में 3,800 रुपये का डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनंत पुत्र नरेंद्र सिंह, निक्की पुत्र रतन सिंह और योगेश पुत्र हरि किशन के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है। सभी गांव सहायपुर जाटान, थाना मगोर्रा, जनपद मथुरा के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की महिंद्रा थार बरामद की है, जिस पर अस्थायी नंबर TD62MP2959C अंकित है। बरामद वाहन के चेसिस नंबर MA1UJ2TZ2T2F42070 बताए गए हैं।
इस मामले में थाना जैत पर मुकदमा अपराध संख्या 680/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।