मथुरा में फर्जी CBI अधिकारियों का भंडाफोड़: रंगदारी वसूलने वाले छह शातिर गिरफ्तार

मथुरा । जनपद मथुरा के थाना जमुनापार पुलिस ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक व्यक्ति को आजीवन कारावास के झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी और उससे 40 हजार रुपये वसूल लिए थे, जिसके बाद पीड़ित ने 9 अक्टूबर 2026 को थाना जमुनापार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 10 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3:26 बजे सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड पर कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को दबोच लिया।

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज कुमार, कुलदीप यादव, करन राणा, सोनू, कुणाल और रवि के रूप में हुई है, जो बिहार, गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के दो फर्जी आईकार्ड, के.डी. यादव के नाम से 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का स्टिकर लगी बलेनो कार जिसका नंबर यूपी 14 ईजे 5320 है तथा घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार जिसका नंबर यूपी 85 सीएम 1466 है, बरामद की है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सूरज कुमार के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर थाने में वर्ष 2025 में भी एक मुकदमा दर्ज है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जयवीर सिंह और कांस्टेबल संपूर्ण सिंह व लाल सिंह शामिल रहे, और पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।