वृन्दावन : साध्वी हत्याकांड में फरार आरोपी सतेन्द्र गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाकर मकान बेचने का आरोप

मथुरा। थाना वृन्दावन पुलिस ने वृद्ध साध्वी की हत्या कर उनके मकान को फर्जी/कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बेचने के सनसनीखेज मामले में वांछित आरोपी सतेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 24 मई को सुबह करीब 07:25 बजे मुखबिर की सूचना पर की।
पुलिस के अनुसार आरोपी सतेन्द्र पुत्र स्व. शिवनरायण, निवासी रहट गली खेड़ा मोहल्ला काजी टोला, शिकोहाबाद (जिला फिरोजाबाद) को वृन्दावन के परिक्रमा मार्ग स्थित पानीघाट तिराहे से चामुंडा कट की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि मृतका साध्वी कुछ समय पहले अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। बाद में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अभियुक्तों ने साध्वी की हत्या कर उनके मकान को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेच दिया।
इस मामले में थाना वृन्दावन में मु0अ0सं0 641/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पहले भी कई आरोपियों—अभिषेक, विजय सिंह, वकील मोहम्मद, मोहम्मद आरिफ, ओमकार सिंह, विकास और अशोक—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी सतेन्द्र के खिलाफ इसी प्रकरण में मुकदमा दर्ज है, जिसमें हत्या, धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
इस गिरफ्तारी में थाना वृन्दावन के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल जिनेन्द्र और हेड कांस्टेबल रीतेश कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।