“जनगणना-2027 ने पकड़ी रफ्तार: डीएम आवास से शुरुआत, 20 जून तक चलेगा घर-घर सर्वे अभियान”

मथुरा।
जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जनपद में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को गंभीरता से लेते हुए जिले में व्यापक स्तर पर जनगणना कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसी क्रम में जनगणना सहायक रूबी गौड़ एवं सुपरवाइजर अनिल कुमार ने जिलाधिकारी आवास पर पहुंचकर औपचारिक रूप से जनगणना कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान आवास से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एकत्रित की गईं।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं भवनों का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया जा रहा है, जो 20 जून 2026 तक संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान, उसमें रहने वाले परिवारों, सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन करेंगे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की नींव है। इसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, आवास, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलती है।
उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब प्रगणक उनके घर आएं तो उनका सहयोग करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। गलत या अधूरी जानकारी भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है।
प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुपरवाइजरों और प्रगणकों की टीमें गठित की गई हैं, जो निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर डेटा संकलित कर रही हैं। साथ ही अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जनगणना से प्राप्त आंकड़े आगामी वर्षों में विकास योजनाओं के निर्माण, बजट निर्धारण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी नीतियों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।