दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आए उद्योगपति अनंत अंबानी, गिरिराज जी में किए दर्शन
शनिवार को वृंदावन में बांकेबिहारी के दरबार में लगाएंगे हाजिरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मथुरा । विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी मथुरा और ब्रजभूमि में शुक्रवार को उस समय हलचल बढ़ गई जब देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी दो दिवसीय दौरे पर गोवर्धन पहुंचे। अनंत अंबानी के ब्रज आगमन को लेकर धार्मिक और सुरक्षा से जुड़े स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं। उनके दौरे का प्रमुख केंद्र गोवर्धन स्थित गिरिराज महाराज की पावन धरा और वृंदावन का प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनंत अंबानी शुक्रवार को गोवर्धन के जतीपुरा स्थित गिरिराज महाराज के मुखारबिंद मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए उनकी परिक्रमा भी की। गोवर्धन की धार्मिक मान्यता और गिरिराज महाराज के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के बीच उनके इस दौरे को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
उनको देखने के लिए क्षेत्र में भारी भीड़ लग गई। गोवर्धन में दर्शन-पूजन के बाद अनंत अंबानी मथुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार सुबह उनका वृंदावन पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां वह विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे और ठाकुरजी के समक्ष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगे।
अनंत अंबानी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गोवर्धन से लेकर वृंदावन तक उनके निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दो दिवसीय इस ब्रज दौरे के दौरान गोवर्धन और वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उनकी मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खास उत्सुकता देखने को मिल रही है।