6000 वर्ग मीटर में विकसित अवैध कॉलोनी का सड़क नाली और कार्यालय ध्वस्त, गणेशरा में भी अवैध कॉलोनी की सड़क पर चला बुलडोजर
मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शुक्रवार 27 नवंबर को दो स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने कोटा चंदन नगर स्थित गौड़ केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया और गणेशरा में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके पर किए गए निर्माणों को ध्वस्त कराया।
प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई मौजा कोटा चंदन नगर स्थित गौड़ केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में की गई। यहां रोहित अग्रवाल द्वारा बिना किसी पूर्व वैधानिक स्वीकृति और मानचित्र अनुमोदन के लगभग 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की गई थी। इस मामले में प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 27(1) एवं 28(1) के तहत वाद संख्या MTDA/Z4/ANI/2025/0000851 दर्ज करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। सम्यक विचारोपरांत 18 जून 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया। निर्धारित अवधि में विकासकर्ता द्वारा अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर निर्मित सड़क नाली और कार्यालय को ध्वस्त कर दिया।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई मौजा गणेशरा में सीमेंट गोदाम के पीछे खसरा संख्या 591 और 592 पर की गई। यहां भी बिना पूर्व वैधानिक स्वीकृति और मानचित्र अनुमोदन के अवैध निर्माण कर कॉलोनी विकसित की गई थी। इस मामले में प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 27(1) एवं 28(1) के अंतर्गत वाद संख्या MTDA/Z4/ANI/2026/0001024 दर्ज किया था। सुनवाई के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया। इसके बावजूद मौके पर बनाई गई अवैध कॉलोनी की सड़क नहीं हटाई गई थी। शुक्रवार को उपाध्यक्ष के निर्देश और सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर सड़क को ध्वस्त करा दिया।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एन लक्ष्मी ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बिना वैधानिक स्वीकृति और मानचित्र अनुमोदन के कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।