बरसाना में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 25 बच्चों को कराया गया मुक्त
श्रीजी राधारानी मंदिर क्षेत्र में चला विशेष अभियान, एएचटीयू, चाइल्ड लाइन व बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम रही सक्रिय
मथुरा। जनपद में बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) पुलिस टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराया। यह अभियान थाना बरसाना क्षेत्र स्थित श्रीजी राधारानी मंदिर के आसपास चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में बच्चे भीख मांगते हुए पाए गए।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान में थाना एएचटीयू/एसजेपीयू पुलिस टीम के साथ चाइल्ड लाइन और बाल संरक्षण इकाई की टीम भी शामिल रही। संयुक्त टीम ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी कर बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराया।
कार्रवाई के बाद सभी बच्चों की आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि बच्चों को दोबारा ऐसी स्थिति में न आना पड़े।
अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों को भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी बच्चे को भीख न दें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान रवि भूषण शर्मा एवं उनकी टीम ने आमजन को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 112 और 1930 की जानकारी भी दी, जिससे जरूरतमंद लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।