20 साल बाद बनेगा नाला, 3 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

मथुरा। महानगर के वार्ड नं० 35 बनखंडी क्षेत्र में लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े नाले के निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। जिला सहकारी बैंक से लेकर बुक मार्केट होते हुए भैंस बहोरा तक करीब 450 मीटर लंबे नाले का निर्माण कार्य अब 3 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
करीब दो दशक से क्षेत्रवासी इस नाले के निर्माण की मांग कर रहे थे। नाले की खराब स्थिति के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या बनी रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास महापौर विनोद अग्रवाल एवं पार्षद तरुण कुमार सैनी द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेक्टर संयोजक बबलू सैनी, बूथ अध्यक्ष विशंभर सिंह, बूथ अध्यक्ष दीना सैनी, बूथ मंत्री राजू सैनी, हरिया लोधी, महेश टेलर, पन्ना लाल लोधी, मोहन सिंह, रम्मी पानवाले, कृष्णो बाबू, गिरधर, भगवान दास, राजेन्द्र कुमार वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने नाले के निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में जल निकासी की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।