राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द यलो स्टार’, पीएम मोदी ने दी बधाई
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ मिलने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रकिप्रसाद संतोखी ने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के राष्ट्रपति मुर्मू का सम्मान किया। गृह मंत्रालय ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के राष्ट्रपति संतोखी ने अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द येलो स्टार से सम्मानित किया है। भारत और सूरीनाम के द्विपक्षीय रिश्ते काफी मजबूत हैं।
मोदी ने मंगलवार को ट्वीट किया, राष्ट्रपति जी को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार – ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार से सम्मानित किए जाने पर बधाई। सूरीनाम की सरकार और लोगों का यह विशेष भाव हमारे देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को यह सम्मान ग्रहण किया। वह देश की राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं।
उन्होंने अपने आधिकारिक राष्ट्रपति भवन हैंडल से एक ट्वीट में कहा, मैं सूरीनाम के सर्वोच्च सम्मान, ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द यलो स्टार’ को प्राप्त करने के लिए बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं।
उन्होंने आगे कहा, यह सम्मान न केवल मेरे लिए बल्कि भारत के उन 1.4 बिलियन लोगों के लिए भी अत्यधिक महत्व रखता है, जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं। मैं यह सम्मान भारतीय-सूरीनाम समुदाय की आने वाली पीढ़ियों को भी समर्पित करती हूं, जिन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच भ्रातृत्व संबंध को समृद्ध करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।