मथुरा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, 2027 चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक सक्रियता का आह्वान

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी जिला मथुरा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संस्कृति यूनिवर्सिटी, छाता के सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जिले भर से करीब 200 अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 6 बजे जागरण एवं चाय के साथ हुई जिसके बाद शाखा, योग और प्रार्थना डॉ. अमर सिंह पोनिया द्वारा कराई गई।
अष्टम सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक चौधरी प्रणतपाल ने की, जिसमें मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने भाजपा के संघर्ष, इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से विचार रखे। संचालन विक्रम चौधरी ने किया।
नवम सत्र कार्यकर्ता विकास एवं संभाषण कला पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता डॉ. अमरसिंह पोनिया ने की। क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को व्यक्तित्व विकास, व्यवहार और संवाद कौशल पर मार्गदर्शन दिया।
दशम सत्र में कार्य विस्तार और चुनाव प्रबंधन पर चर्चा हुई। अध्यक्षता धर्मवीर अग्रवाल ने की, जबकि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हेमेन्द्र शर्मा ने पन्ना प्रमुख से लेकर शक्ति केंद्र तक संगठन मजबूत करने और चुनाव प्रबंधन की रणनीति समझाई। संचालन ओमप्रकाश सैनी ने किया।
समापन सत्र में बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर जोर दिया गया। इसकी अध्यक्षता मीनाक्षी शर्मा ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे मजबूत इकाई बूथ है और “बूथ जीता तो चुनाव जीता” केवल नारा नहीं, बल्कि कार्यपद्धति है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को देश की नब्ज बताते हुए हर कार्यकर्ता से इसे बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से सुनने और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अरुण सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव का लक्ष्य तय करते हुए कहा कि मथुरा ब्रज की राजधानी है और सभी सीटों पर कमल खिलाना संगठन का संकल्प है। इसके लिए बूथ स्तर पर निरंतर सक्रियता और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
समापन के बाद सभी 200 कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा कराई गई और राष्ट्रगान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, जिला अध्यक्ष निर्भय पाण्डे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।