जाम से जूझते मथुरा के व्यापारियों ने उठाई आवाज : 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर ट्रैफिक सुधार की रखी मांग
मथुरा । नगर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या से परेशान व्यापारियों एवं आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सक्रिय पहल की है। इसी क्रम में व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने नवागत पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार तिवारी से मुलाकात कर उन्हें 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर लगने वाले जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियंत्रण की कमजोर व्यवस्था को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। इस पर पुलिस अधीक्षक यातायात ने गंभीरता दिखाते हुए सभी बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिस अधीक्षक स्वयं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ नगर का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझकर प्रभावी समाधान किया जा सके। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री शशिभानु गर्ग, सुनील साहनी, उपाध्यक्ष रामचंद्र खत्री, गुरमुख दास, सहमहामंत्री भगवान चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ मंत्री विकास जिंदल सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।