गेस्ट हाउस से लेकर पानी प्लांट तक बिजली चोरी का खेल , विद्युत विभाग की रेड्स टीम ने चार स्थानों पर पकड़ी चोरी
मथुरा । विद्युत विभाग की रेड्स टीम ने छटीकरा क्षेत्र में अभियान चलाकर चार स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े। कार्रवाई के दौरान हाईवे स्थित ढाबे से लेकर गेस्ट हाउस और पानी प्लांट तक में बिजली का अवैध उपयोग होता मिला। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई।
एक्सईएन रेड्स रवीन्द्र कुमार के निर्देश पर शहरी रेड्स टीम ने सूचना के आधार पर छटीकरा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान हाईवे स्थित शिवशक्ति ढाबा पर सीधे विद्युत लाइन से बिजली का उपयोग होता मिला। वहीं हरीधाम गेस्ट हाउस में मीटर बाईपास कर बिजली चोरी की जा रही थी। सुनरख स्थित पप्पू के पानी प्लांट में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा छटीकरा चौराहे पर फर्जी मीटर लगाकर विद्युत उपयोग किए जाने का मामला सामने आया।
विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन मामलों में लाखों रुपये का जुर्माना लगाए जाने की संभावना है। कार्रवाई एई रेड्स भूपेन्द्र के निर्देशन में जेई पवन और उनकी टीम ने की। टीम ने पूरी कार्रवाई की प्रगति से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है।