स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर पोतराकुंड क्षेत्र में विशेष अभियान , नागरिकों को किया जागरूक

मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत पोतराकुंड क्षेत्र एवं आसपास की गलियों में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम की अधिकृत संस्था किंग ग्रुप की टीम ने क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य कराते हुए स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान किंग ग्रुप के मैनेजर दीपक गौतम ने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखने की अपील की, ताकि क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनी रहे। साथ ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान एवं डस्टबिन में ही डालने का अनुरोध किया गया।
इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नागरिकों से सिटिजन फीडबैक भी लिया गया, जिससे शहर की रैंकिंग में सुधार किया जा सके।

नगर निगम के सफाई मित्रों द्वारा पूरे शहर में लगातार ऐसे विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर रैंकिंग दिलाना है। नगर निगम की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत अपना सिटिजन फीडबैक अवश्य दें, जिससे शहर को बेहतर स्थान प्राप्त हो सके।