अब 10 रुपये में मिलेगा मजबूत थैला, प्लास्टिक की थैलियों पर लगेगी रोक
सब्जी मंडियों सहित प्रमुख स्थानों पर लगेंगी वेंडिंग मशीनें, ब्रज स्वच्छता अभियान का द्वितीय चरण शुरू
मथुरा । ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ प्लास्टिक मुक्त करने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। अब सब्जी मंडियों सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर वेंडिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों में 10 रुपये का सिक्का डालने पर लोगों को मजबूत थैला मिलेगा। इससे बाजारों में खरीदारी के दौरान प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल कम करने के साथ लोगों को पर्यावरण के अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद जिला प्रशासन नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में ‘हम सबने यह ठाना है ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ के संकल्प के साथ शुरू हुआ ब्रज स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान अब दूसरे चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में अभियान के कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने द्वितीय चरण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को स्वच्छता संबंधी संदेश वाले पंपलेट वितरित किए जाएंगे। पंपलेट पढ़ने के बाद बच्चे उन्हें इधर-उधर न फेंकें इसके लिए उनकी वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। पंपलेट सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के सहयोग से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में वेंडिंग मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। व्यापारी विपिन सिंघल ने मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 10 रुपये का सिक्का डालने पर एक मजबूत थैला प्राप्त होगा। सब्जी मंडियों और अन्य प्रमुख बाजारों में ऐसी मशीनें स्थापित होने से प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग को कम करने में मदद मिलेगी। मशीनों में थैलों की उपलब्धता सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवियों के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
बैठक में नगर निगम के उपनेता मुकेश सारस्वत उद्यमी दीपक गोयल लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अंकित बंसल अन्नपूर्णा फाउंडेशन के राहुल अग्रवाल और फ्रेंड्स ऑफ वृंदावन के जगन्नाथ पोद्दार ने थैले एवं पंपलेट उपलब्ध कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रभारी ईको रेस्टोरेशन यूनिट मुकेश शर्मा अपर सीईओ राजीव पांडेय अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहित अभियान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।