मथुरा में आयकर का ‘मेगा ऑपरेशन’ फुस्स: 200 अफसरों की 5 दिन की मैराथन छापेमारी के बाद भी खाली हाथ लौटी टीम!

​बिल्डर 'शंकर सेठ' पर रहा पूरा फोकस, डेढ़ करोड़ से अधिक कैश और 500 ग्राम सोना जब्त; पर सभी दस्तावेज निकले दुरुस्त

​6 महीने से बिछाया जा रहा था जाल, दर्जनों गाड़ियों से मथुरा पहुंची थी टीम; आखिरकार खोदा पहाड़ और निकली चुहिया

​मथुरा (ब्यूरो)। धर्मनगरी मथुरा में बीते पांच दिनों से चल रही आयकर विभाग की सबसे बड़ी छापामार कार्रवाई का अंत किसी फिल्मी क्लाइमेक्स की तरह ‘सिफर’ साबित होता दिख रहा है। शुक्रवार को दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ करीब 200 आयकर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने शहर के नामी होटल व्यवसायियों और बिल्डरों के ठिकानों पर जो ‘मेगा ऑपरेशन’ शुरू किया था, मंगलवार शाम उसके समापन के साथ ही विभाग की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आया।

​’शंकर सेठ’ के इर्द-गिर्द घूमती रही पूरी जांच

आयकर विभाग की इस पूरी कार्रवाई का मुख्य केंद्र शहर के चर्चित बिल्डर और होटल कारोबारी शिव शंकर अग्रवाल उर्फ ‘शंकर सेठ’ रहे। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, करीब छह महीने की लंबी रेकी और गोपनीय तैयारी के बाद इस छापेमारी को अंजाम दिया गया था। पांच दिनों तक चली इस मैराथन जांच में अधिकारियों ने शंकर सेठ के तमाम होटलों के पिछले छह महीनों के बिलों का बारीकी से मिलान किया। यही नहीं शंकर सेठ के मथुरा से बाहर आने-जाने वाले हर ठिकाने की कुंडली खंगाली गई।

​हाथ लगा सिर्फ कैश और सोना, दस्तावेज निकले ‘पाक-साफ’

पांच दिन तक चली इस कार्रवाई में आयकर टीम ने शंकर सेठ के आवास व प्रतिष्ठानों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये नकद और लगभग
500 ग्राम सोने के जेवरात अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि, शंकर सेठ के करीबी सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान सभी वित्तीय लेनदेन और दस्तावेज पूरी तरह सही पाए गए हैं। जब्त किए गए कैश और ज्वेलरी के भी पुख्ता बिल और बैंक रसीदें मौजूद हैं।

​रिश्तेदारों से लेकर ड्राइवर तक से हुई पूछताछ

जांच की आंच केवल मुख्य प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रही। आयकर टीम ने गुरु कृपा विलास स्थित उनके दामाद गोविंद अग्रवाल के आवास पर भी दबिश दी, जहां मौके से महज 5 लाख रुपये ही मिले। वहीं होटल गुरुकृपा के मैनेजर अभिषेक चतुर्वेदी के घर से मिले 100 ग्राम जेवर और 1 लाख रुपये की नकदी को जांच के बाद टीम ने परिजनों को वापस लौटा दिया। इस दौरान परिजनों, चार्टर्ड अकाउंटेंट , अकाउंटेंट, होटल मैनेजर से लेकर ड्राइवर तक से लंबी पूछताछ की गई।

​शहर भर में रही चर्चा, परिणाम ने चौंकाया

पांच दिनों तक मथुरा के रसूखदारों और आम जनता के बीच इस बात को लेकर जबरदस्त उत्सुकता थी कि 200 अफसरों की फौज आखिर क्या बड़ा खुलासा करेगी। लेकिन मंगलवार शाम जब टीम रवाना हुई, तो गलियारों में यही चर्चा आम रही कि इतना बड़ा तामझाम और लंबी घेराबंदी के बावजूद आयकर विभाग को उम्मीद के मुताबिक कुछ खास हाथ नहीं लग सका।