रविवार को भी खुलेंगे उप-निबंधक कार्यालय , रजिस्ट्रेशन होंगे तेज़

मथुरा । वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व लक्ष्य की निरंतर प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर जनपद के सभी उप-निबंधक कार्यालय अब आगामी आदेशों तक रविवार के सार्वजनिक अवकाश में भी सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। एआईजी स्टाम्प अर्पिता शर्मा पाण्डेय ने जानकारी दी है कि जनपद के सभी उप-निबंधकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रत्येक रविवार को कार्यालय खोलकर आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत प्रलेखों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को सुविधा मिले और राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में तेजी लाई जा सके। इस निर्णय से अब संपत्ति रजिस्ट्रेशन सहित अन्य कार्यों के लिए लोगों को सप्ताह के सातों दिन सुविधा मिलेगी, जिससे लंबित कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है।