मथुरा । पुस्तक विक्रेताओं द्वारा किताबों के दामों में मनमानी वसूली और बिल न देने की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने सोमवार को गोपनीय जांच के तहत आकस्मिक छापेमारी की।
यह कार्रवाई सेंट डोमनिक्स स्कूल (अल्फा प्ले), सक्रेड हार्ट स्कूल और जय शिव कॉन्वेंट स्कूल के अभिभावकों द्वारा दी गई शिकायतों के आधार पर की गई। जांच के दौरान धौली प्याऊ स्थित माई बुक शॉप और कृष्णा पुस्तक एजेंसी पर छापा मारा गया।
जांच में पाया गया कि दुकानदार न तो निर्धारित छूट दे रहे थे और न ही ग्राहकों को बिल उपलब्ध करा रहे थे। मौके पर मौजूद अन्य अभिभावकों ने भी इस बात की पुष्टि की। इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों दुकानों को सील कर दिया।
नगर मजिस्ट्रेट ने मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जनपद स्तर पर नियमित आकस्मिक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, सचिवों और पुस्तक विक्रेताओं से अपील की है कि निर्धारित दरों पर ही पुस्तकें बेचें और बिलिंग अनिवार्य रूप से करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।