दो दिन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: यूपी में 60 आईएएस अफसरों का तबादला, 28 जिलों के डीएम बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। रविवार रात 40 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई थी, जिसमें 18 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) शामिल थे। इसके बाद सोमवार को एक और सूची जारी कर 20 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया, जिनमें 10 जिलों के डीएम भी बदले गए हैं।
ताजा तबादला सूची में अलीगढ़, एटा समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस व्यापक फेरबदल से प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में मथुरा में तैनात जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अभिनव जे. जैन को कानपुर नगर का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
