मथुरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 73 हजार का मिलावटी पेड़ा-पनीर नष्ट
दानघाटी मंदिर व हाईवे ढाबों पर छापेमारी, 10 नमूने जांच को भेजे
मथुरा । आम जनमानस और श्रद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। उप जिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी के नेतृत्व में
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह एवं भरत सिंह की टीम ने गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर के सामने से दूध के दो एवं पेड़ा के दो नमूने लिए। जांच के दौरान अस्वच्छ दशाओं में रखे करीब 20 किलो पेड़ा (अनुमानित मूल्य 6000 रुपये) को मौके पर नष्ट कराया गया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने मथुरा के टाउनशिप चौराहा, भगवान नगर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सैनिक ढाबा से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया।
इसके अलावा, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने गौमत बाजना रोड, अजनोठ सुल्तान पट्टी स्थित अवैध रूप से संचालित अनीता डेयरी पर छापा मारा। यहां मिल्क क्रीम का एक नमूना लिया गया और अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर निर्माण होते पाए जाने पर 250 किलो पनीर में से तीन नमूने लेकर शेष पनीर (करीब 67,500 रुपये मूल्य) को नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में नौशेरपुर मांट स्थित बृजधाम नैचुरल डेयरी से भैंस के दूध का एक नमूना भी लिया गया। कुल मिलाकर 10 खाद्य नमूने जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य उत्पादन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।