मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृंदावन के वार्ड संख्या 33, पाली खेड़ा अंतर्गत नरसी विहार से मेजर ध्यानचंद मार्ग तक का क्षेत्र गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। करीब 18 कॉलोनियों और हजारों लोगों का जनजीवन प्रभावित हो चुका है। हालात इतने खराब हैं कि सामान्य दिनों में भी सड़कों पर घुटनों तक गंदा पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे रोज गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। जलभराव के चलते क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू, वायरल बुखार और त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं, जिससे यह समस्या अब जनस्वास्थ्य संकट का रूप लेती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर कहा कि मेजर ध्यानचंद मार्ग पर पक्का और व्यवस्थित नाला निर्माण ही इस समस्या का एकमात्र स्थायी समाधान है। बिना नाले के जल निकासी संभव नहीं है और हर साल बारिश में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थल निरीक्षण कर नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही, स्थायी समाधान होने तक पानी की निकासी के लिए अस्थायी व्यवस्था भी की जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम चाहिए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।