अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर: मथुरा में 14 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

प्राधिकरण की सख्ती—नोटिस के बाद भी नहीं हटे निर्माण, पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण

मथुरा । शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 14 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को प्राधिकरण के अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौजा अहिल्यागंज खदर, तीन वन परिक्रमा मार्ग स्थित श्री कांशीराम शहरी आवास योजना क्षेत्र में रवि शर्मा द्वारा करीब 4000 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध भू-विभाजन कर सड़क और बाउंड्रीवाल बनाकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस मामले में प्राधिकरण ने वाद संख्या एम.टी.डी.एस./जेड-1/ए.एन.आई./2026/0000904 दर्ज कर 25 मार्च 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया था।

इसी तरह श्याम सुंदर, संतोष, वेदप्रकाश, राजकुमार और श्याम अग्रवाल द्वारा लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित करने पर वाद संख्या एम.टी.डी.एस./जेड-1/ए.एन.आई./2026/0000905 के तहत कार्रवाई करते हुए 25 मार्च 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था।
प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार सिंह के अनुसार निर्धारित समयावधि में अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर 17 अप्रैल 2026 को मौके पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

उक्त कार्रवाई उपाध्यक्ष एन लक्ष्मी के निर्देश पर सचिव के नेतृत्व में संपन्न कराई गई जिसमें प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम के साथ थाना गोविंद नगर की पुलिस भी मौजूद रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।