मथुरा । फरह क्षेत्र के महुवन टोल प्लाजा से माँ कैला देवी करौली धाम के लिए पहली निशुल्क बस सेवा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। एसकेएम कंपनी एवं फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करना है। समाजसेवी ठाकुर जयपाल सिंह और कुलदीप सिंह के प्रयासों से शुरू की गई इस सेवा को प्लाजा प्रबंधक संजय यादव बरारी ने विधि विधान से पूजन कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुभारंभ के दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के बीच श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर एक साथ पांच बसों को रवाना किया गया जबकि कुल छह बसों के माध्यम से लगभग 300 से 400 श्रद्धालुओं को कैला देवी धाम की यात्रा कराई जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आने जाने और भोजन की पूरी व्यवस्था निशुल्क रखी गई है जिसका खर्च एसकेएम फाउंडेशन द्वारा वहन किया जा रहा है।
प्लाजा प्रबंधक संजय यादव ने बताया कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को अवसर देना है जो आर्थिक कारणों से धार्मिक यात्राएं नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
बसों के रवाना होते समय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक सराहनीय और पुण्य कार्य बताया। आयोजकों ने भी भविष्य में इस तरह की निशुल्क धार्मिक यात्रा सेवाएं जारी रखने की बात कही।