वृंदावन में ट्रैक्टर- बाईक की भिड़ंत में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

मथुरा। वृन्दावन -पानी गांव मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वृन्दावन कोतवाली अंतगर्त गौरानगर कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय उस्मान अपने दोस्त 24 वर्षीय शशि के साथ शनिवार शाम को बाइक पर सवार होकर पानीगांव जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद जहां दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चालक ट्रैक्टर को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल युवकों जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। जहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने शशि को आगरा और उस्मान को मथुरा के लिए रेफर कर दिया लेकिन दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई।