मथुरा। नगर निगम प्रशासन मथुरा में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर कार्रवाई में जुट गया है। डेढ़ दर्जन से अधिक छोटी बड़ी गाड़ियों से निरंतर फागिंग कराई जा रही है । इसके अलावा नालियों में एंटी लारवा दवा का छिड़काव और ब्लीचिंग पाउडर चूना डाला जा रहा है। डेंगू के कारण हुई भयावह स्थिति से निपटने के लिए नगर आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ साथ नियमित एंटी लारवा दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए हैं। फागिंग कराने के लिए 5 नई गाड़ियां क्रय की गई है। मार्च 21 तक निगम के पास मात्र चार गाड़ी थी जिनसे फागिंग कराने का काम किया जा रहा था अब उनकी संख्या 19 हो गई है जिनमे 15 बाइक है शेष चार बड़ी गाड़ी है। बाइक की संख्या अधिक होने से मथुरा-वृंदावन सहित ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डो की कुंज गलियों में मच्छर मारने के लिए फागिंग हो जाती है। स्वास्थ्य विभाग प्रमुख चौराहों बाजारों में चूना ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सफाई कर्मियों से करवा रहा है।
निगम आयुक्त अनुनय झा का कहना है कि संसाधन उपलब्ध रहने से सुविधाएं प्रदान करने में सहूलियत रहती है । उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों और निजी नर्सिंग होम के पास विशेष सफाई अभियान प्रतिदिन कराने के क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कहीं भी जलभराव न हो इसके लिए पंपसेट आदि की व्यवस्था की गई है । रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों के वार्ड संख्या 16 के राजेंद्र नगर वार्ड संख्या 2 बिर्जा पुर आदि में सफाई मित्र द्वारा एंटी लार्वा दवा का नालियों में छिड़काव किया गया है।
नगर आयुक्त श्री झा ने आम जनता से अपील की है कि वह डेंगू से बचाव के लिए स्वयं भी जागरूक रहें अपने घरों में छत छज्जे आदि स्थानों पर पानी का जमाव नहीं होने दे। फ्रिज और कूलर की ट्रे भी पानी साफ करते रहे।